अर्थला स्थित न्यू हिंडन विहार कालोनी में ट्रांसफार्मर की जाली उखाड़कर अवैध रूप से दीवार बनाने वाले व्यक्ति का विरोध करना जेई को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर व्यक्ति ने विद्युत निगम के जेई की पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी दी। जैसे तैसे वह मौके से जान बचाकर भागे। पीड़ित जेई ने आरोपी के खिलाफ साहिबाबाद थाना में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सर्वेश कुमार विद्युत विभाग में जेई हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को वह क्षेत्र में गए थे। अर्थला के न्यू हिंडन विहार में हज हाउस के पास लगे विद्युत निगम के ट्रांसफार्मर की जाली उखड़ी थी। यहां पर जाकिर हुसैन नाम के व्यक्ति ने अवैध रूप से दीवार बनाई थी। उन्होंने इसका विरोध कर जाकिर हुसैन से दीवार हटाने को कहा। आरोप है कि इस पर जाकिर ने दीवार हटाने से इंकार कर गाली गलौच शुरू कर दी। इसके बाद उनकी पिटाई कर पर्स लूट लिया। पीड़ित का आरोप है कि पर्स में करीब साढ़े आठ हजार रुपये, आईकार्ड समेत अन्य सामान था। मौके से भीड़ जमा हो गई। इसके बाद किसी तरह से जान बचाकर वह हिंडन पुल पुलिस चौकी पहुंचे। वहां उन्होंने शिकायत की। एसएचओ साहिबाबाद अनिल शाही ने बताया कि पीड़ित जेई की तहरीर पर जाकिर हुसैन के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
ट्रांसफार्मर के पास बनाई दीवार, विरोध करने पर जेई को पीटा