कविनगर थानाक्षेत्र में पति के दोस्त ने ब्लैकमेल कर महिला से दुष्कर्म किया। शुक्रवार को पीड़िता थाने पहुंची और दहाड़े मारकर आपबीती बताई। महिला ने गुहार लगाई कि आरोपी एक साल से उसके साथ दरिंदगी कर रहा है, उसे पकड़ लीजिए। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कविनगर थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला का कहना है कि पास के ही एक गांव में रहने वाला व्यक्ति उसके पति का दोस्त है। पति से दोस्ती के कारण उसका घर पर आना-जाना था। करीब एक साल पहले वह उनसे भी घुल मिल गया। आरोप है कि एक दिन पति का दोस्त घर आया और नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह पति की गैरमौजूदगी में घर आता और उसके साथ जबरन दुष्कर्म करता। कुछ दिन पहले आरोपी ने बदनाम करने की धमकी देकर डेढ़ लाख रुपये की मांग भी की।
घर पर आकर शराब पीता है, मारपीट करता है
पीड़िता का आरोप है कि शारीरिक संबंध बनाने का विरोध करने पर आरोपी मारपीट कर उसे यातनाएं देता है। इतना ही नहीं वह आधी-आधी रात को घर में आकर शराब पीता है और मनमर्जी पूरी न होने पर तोड़फोड़ करता है। दो दिन पहले भी देर रात घर आकर आरोपी ने शराब पी और फिर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
पांच माह से पति को गायब करने का भी आरोप
महिला का कहना है कि उसके पति का आरोपी के साथ उठना-बैठना था। दोनों एक साथ शराब पीते और काम-धंधा करते थे। करीब पांच माह पहले पति संदिग्ध हालात में लापता हो गया। महिला का आरोप है कि पति के दोस्त ने ही पति को गायब कराया है। इसके बाद से आरोपी पूरी तरह निरंकुश हो गया है।
पहले समझौता कर लिया था, लेकिन अब हद हो गई है
थाने पहुंची महिला ने बताया कि उसने पूर्व में भी थाने में शिकायत दी थी, लेकिन संभ्रांत लोगों के कहने और लोकलाज के चलते उसने समझौता कर लिया। पीड़िता का कहना है कि अब बात हद से ज्यादा बढ़ गई है, लिहाजा अब आरोपी को उसके किए की सजा दिलानी है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी को गिरफ्तार करने की गुहार लगाई। कविनगर पुलिस का कहना है कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
एक साल से दरिंदगी कर रहा है पति का दोस्त