सिहानी गेट थाना पुलिस ने शनिवार रात बावरिया गिरोह के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी लूट की फिराक में घूम रहे थे। एक आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी लूट करने के लिए दबाव बनाती थी। ऐसा न करने पर छोड़ कर चली गई। इसके वह साथियों के साथ मिलकर लूटपाट करने लगा। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने नोएडा, दिल्ली और मेरठ में लूट की कई वारदातें की हैं।
सिहानी गेट थाना प्रभारी गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शनिवार रात पुलिस टीम एपेक्स अस्पताल के आसपास गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली थी कि बदमाश किसी वारदात की फिराक घूम रहे हैं। एपेक्स अस्पताल के सामने मैदान में बैठे बदमाशों को पुलिस ने घेर लिया। वहां मौजूद पांचों बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि पांचों बदमाश बावरिया गिरोह के सदस्य हैं और लूटने के लिए किसी राहगीर के आने का इंतजार कर रहे थे। इन बदमाशों की पहचान जार्चा गौतमबुद्ध नगर निवासी शिवराम और सोनू, कलछीना भोजपुर निवासी अमित और तिलकू, धौलाना हापुड़ निवासी विकास के रूप में हुई है। इनमें शिवराम इस गिरोह का मुखिया है। पुलिस की पूछताछ में इन बदमाशों ने एक दर्जन से अधिक वारदातों को कबूल किया है। बताया गया कि इनमें से एक आरोपी की पत्नी लूट के लिए दबाव बनाती थी। लूट न करने पर छोड़कर चली गई। इस कारण फिर से लूट की वारदातों को अंजाम देने लगा। बताया कि आरोपियों की पूर्व में भी नोएडा, मेरठ और दिल्ली से गिरफ्तारी हो चुकी है।
लूट नहीं करने पर छोड़ गई पत्नी, फिर बनाई योजना